एएफपी (AFP) टेस्ट एक ब्लड टेस्ट है, जिसमें खून में अल्फा-फीटोप्रोटीन (Alpha-Fetoprotein) नाम के प्रोटीन का स्तर मापा जाता है। वयस्कों में इसका स्तर कुछ प्रकार के लिवर कैंसर (Liver Cancer), खासकर हेपेटोसेलुलर कार्सिनोमा (Hepatocellular Carcinoma), में बढ़ सकता है। हालांकि, एएफपी का बढ़ना अपने आप में कैंसर की पुष्टि नहीं करता और सामान्य एएफपी स्तर होने से भी लिवर कैंसर पूरी तरह खारिज नहीं होता।
आज के इस ब्लॉग में हम आपको बताएंगे कि एएफपी टेस्ट क्यों किया जाता है, इसकी सामान्य रेंज क्या होती है, एएफपी का स्तर बढ़ने के क्या कारण हो सकते हैं और भारत में लिवर कैंसर की जांच के दौरान इस टेस्ट की क्या भूमिका है। साथ ही, यह भी समझेंगे कि रिपोर्ट में एएफपी का स्तर अधिक या कम आने पर आगे क्या करना चाहिए।
एएफपी टेस्ट क्या होता है (AFP Test in Hindi)?
एएफपी (Alpha-Fetoprotein) एक प्रकार का प्रोटीन है, जो गर्भ में विकसित हो रहे बच्चे के लिवर और अन्य ऊतकों में बनता है। जन्म के बाद इसका स्तर धीरे-धीरे कम हो जाता है। स्वस्थ वयस्कों के खून में इसकी मात्रा आमतौर पर बहुत कम होती है।
जब किसी व्यक्ति के लिवर में कुछ खास तरह के कैंसर होते हैं, तो एएफपी का स्तर बढ़ सकता है। इसलिए डॉक्टर इस टेस्ट का इस्तेमाल लिवर कैंसर की जांच में दूसरे परीक्षणों के साथ कर सकते हैं। यह एक ट्यूमर मार्कर (Tumor Marker) है, यानी ऐसा पदार्थ जिसका स्तर कुछ कैंसर की स्थिति में बढ़ सकता है।
ध्यान रखें कि एएफपी केवल लिवर कैंसर में ही नहीं बढ़ता। लिवर में सूजन, हेपेटाइटिस और सिरोसिस जैसी गैर-कैंसर वाली स्थितियों में भी इसका स्तर बढ़ सकता है।
एएफपी टेस्ट क्यों किया जाता है?
डॉक्टर मरीज की स्थिति के अनुसार एएफपी टेस्ट कराने की सलाह दे सकते हैं। इसके कुछ प्रमुख उद्देश्य हैं:
- लिवर कैंसर की जांच में मदद: लिवर कैंसर का संदेह होने पर अन्य जांचों के साथ एएफपी का स्तर देखा जा सकता है।
- अधिक जोखिम वाले लोगों की निगरानी: लंबे समय से लिवर सिरोसिस या कुछ प्रकार के क्रॉनिक हेपेटाइटिस से पीड़ित लोगों में डॉक्टर नियमित निगरानी के दौरान इसका उपयोग कर सकते हैं।
- इलाज के असर को समझना: कैंसर का इलाज शुरू होने से पहले और बाद में एएफपी के स्तर की तुलना की जा सकती है।
- कैंसर दोबारा होने की निगरानी: जिन मरीजों में पहले एएफपी बढ़ा हुआ था, उनमें इलाज के बाद इसका स्तर दोबारा बढ़ना आगे की जांच की जरूरत का संकेत हो सकता है।
यह टेस्ट अकेले कैंसर की स्क्रीनिंग या पुष्टि के लिए पर्याप्त नहीं है। डॉक्टर इसे मरीज की मेडिकल हिस्ट्री, अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन या एमआरआई जैसी जांचों के साथ समझते हैं।
एएफपी टेस्ट की नॉर्मल रेंज क्या होती है?
वयस्कों में एएफपी का सामान्य स्तर आमतौर पर 10 नैनोग्राम प्रति मिलीलीटर (ng/mL) से कम माना जाता है। हालांकि, अलग-अलग प्रयोगशालाओं में इस्तेमाल होने वाली जांच विधि और संदर्भ सीमा के कारण सामान्य रेंज में थोड़ा अंतर हो सकता है।
एएफपी स्तर | सामान्य अर्थ |
|---|---|
10 ng/mL से कम | कई प्रयोगशालाओं में सामान्य सीमा |
10 से 20 ng/mL | हल्का बढ़ा हुआ हो सकता है; संदर्भ सीमा और स्थिति देखें |
20 ng/mL से अधिक | जोखिम वाले मरीजों में आगे जांच की जरूरत हो सकती है |
400 ng/mL से अधिक | काफी बढ़ा हुआ स्तर; लिवर कैंसर सहित अन्य संभावित कारणों की जांच जरूरी हो सकती है |
गर्भावस्था और नवजात शिशुओं में एएफपी का स्तर
गर्भावस्था के दौरान एएफपी का स्तर सामान्य रूप से बढ़ा हुआ रहता है, क्योंकि यह प्रोटीन गर्भ में विकसित हो रहे बच्चे द्वारा बनाया जाता है। नवजात शिशुओं के खून में भी एएफपी की मात्रा अधिक हो सकती है, जो जन्म के बाद धीरे-धीरे कम होती जाती है। इसलिए गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं में एएफपी की रिपोर्ट को वयस्कों की सामान्य रेंज से तुलना करके नहीं समझना चाहिए। इसका सही आकलन गर्भावस्था के महीने या बच्चे की उम्र के अनुसार डॉक्टर करते हैं।
एएफपी का स्तर बढ़ने के क्या कारण हो सकते हैं?
एएफपी का स्तर बढ़ने का मतलब हमेशा लिवर कैंसर होना नहीं है। कई बार लिवर से जुड़ी दूसरी बीमारियों के कारण भी यह प्रोटीन अधिक बनने लगता है। इसके संभावित कारण हैं:
1. लिवर कैंसर
हेपेटोसेलुलर कार्सिनोमा (Hepatocellular Carcinoma) लिवर कैंसर का एक सामान्य प्रकार है। इस बीमारी से पीड़ित कुछ लोगों में एएफपी का स्तर काफी बढ़ सकता है। हालांकि, शुरुआती लिवर कैंसर में भी एएफपी सामान्य रह सकता है।
2. लिवर सिरोसिस
लिवर सिरोसिस (Liver Cirrhosis) में लिवर के स्वस्थ ऊतकों पर निशान बनने लगते हैं। इससे लिवर की सामान्य कार्यप्रणाली प्रभावित होती है। इस स्थिति में भी एएफपी का स्तर बढ़ सकता है।
3. हेपेटाइटिस बी और सी
हेपेटाइटिस बी (Hepatitis B) और हेपेटाइटिस सी (Hepatitis C) जैसे संक्रमण लिवर में लंबे समय तक सूजन पैदा कर सकते हैं। इस सूजन और लिवर की कोशिकाओं में होने वाले बदलावों के कारण एएफपी बढ़ सकता है।
4. लिवर में सूजन या चोट
लिवर में सक्रिय सूजन, संक्रमण या कोशिकाओं को नुकसान पहुंचने पर भी एएफपी का स्तर प्रभावित हो सकता है। इसलिए केवल इस टेस्ट के आधार पर कैंसर का निष्कर्ष निकालना सही नहीं है।
5. कुछ अन्य कैंसर
लिवर कैंसर के अलावा कुछ अंडाशय और अंडकोष के जर्म सेल ट्यूमर (Germ Cell Tumors) में भी एएफपी बढ़ सकता है। इसलिए डॉक्टर मरीज की उम्र, लक्षण और अन्य जांचों के अनुसार परिणाम का आकलन करते हैं।
आम तौर पर इस्तेमाल होने वाले ट्यूमर मार्कर टेस्ट के बारे में ज्यादा जानकारी के लिए आप नेशनल कैंसर इंस्टिट्यूट की ऑफिसियल वेबसाइट पर देख सकते है।
क्या सामान्य एएफपी स्तर होने पर लिवर कैंसर नहीं होता?
नहीं। सामान्य एएफपी स्तर होने से लिवर कैंसर की संभावना पूरी तरह खत्म नहीं होती। कुछ मरीजों में कैंसर होने के बावजूद एएफपी सामान्य सीमा में रह सकता है। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि सभी लिवर ट्यूमर समान मात्रा में एएफपी नहीं बनाते।
इसी तरह, एएफपी बढ़ा हुआ होने पर भी कैंसर की पुष्टि नहीं होती। डॉक्टर यह देखते हैं कि मरीज को पहले से लिवर की बीमारी तो नहीं है, एएफपी का स्तर समय के साथ बढ़ रहा है या नहीं और इमेजिंग जांच में लिवर के अंदर कोई संदिग्ध गांठ दिखाई दे रही है या नहीं।
इसलिए एएफपी रिपोर्ट को अकेले देखकर न तो कैंसर मानना चाहिए और न ही सामान्य परिणाम के आधार पर जांच बंद करनी चाहिए।
एएफपी टेस्ट कैसे किया जाता है?
एएफपी टेस्ट एक सामान्य ब्लड टेस्ट है। इसमें मरीज की बांह की नस से खून का छोटा नमूना लिया जाता है। इसके बाद प्रयोगशाला में खून में मौजूद एएफपी की मात्रा मापी जाती है।
इस टेस्ट के लिए आमतौर पर किसी विशेष तैयारी या खाली पेट रहने की जरूरत नहीं होती। हालांकि, यदि डॉक्टर ने इसके साथ दूसरी जांचें भी लिखी हैं, तो उनके लिए अलग निर्देश हो सकते हैं।
रिपोर्ट मिलने का समय प्रयोगशाला और जांच की सुविधा के अनुसार अलग-अलग हो सकता है। जांच कराने से पहले संबंधित लैब से इसकी जानकारी ली जा सकती है।
लिवर कैंसर की पुष्टि के लिए एएफपी के अलावा कौन-सी जांच होती हैं?
लिवर कैंसर की जांच में एएफपी के साथ मरीज की स्थिति के अनुसार कई अन्य परीक्षण किए जा सकते हैं।
1. लिवर फंक्शन टेस्ट
लिवर फंक्शन टेस्ट (Liver Function Test) से पता चलता है कि लिवर कितनी अच्छी तरह काम कर रहा है। इसमें बिलीरुबिन, एंजाइम और प्रोटीन जैसे कई संकेतकों की जांच की जाती है। यह टेस्ट लिवर की स्थिति समझने में मदद करता है, लेकिन अकेले कैंसर की पुष्टि नहीं करता।
2. अल्ट्रासाउंड
पेट का अल्ट्रासाउंड (Ultrasound) करके लिवर की बनावट और उसमें मौजूद किसी गांठ या असामान्य बदलाव को देखा जा सकता है। अधिक जोखिम वाले कुछ मरीजों की नियमित निगरानी में इसका इस्तेमाल किया जाता है।
3. सीटी स्कैन
कॉन्ट्रास्ट के साथ सीटी स्कैन (Contrast-enhanced CT Scan) से लिवर की विस्तृत तस्वीरें मिलती हैं। इससे गांठ का आकार, उसकी स्थिति और उसमें खून की आपूर्ति से जुड़े बदलावों को समझने में मदद मिलती है।
4. एमआरआई
एमआरआई (MRI) लिवर में मौजूद संदिग्ध गांठ की विशेषताओं को समझने में मदद कर सकती है। कुछ मरीजों में यह जांच सीटी स्कैन के विकल्प के रूप में की जाती है।
5. बायोप्सी
यदि इमेजिंग जांच से बीमारी की स्पष्ट जानकारी नहीं मिलती, तो डॉक्टर बायोप्सी (Biopsy) की सलाह दे सकते हैं। इसमें लिवर के संदिग्ध हिस्से से ऊतक का छोटा नमूना लेकर प्रयोगशाला में जांच की जाती है। हर मरीज में बायोप्सी जरूरी नहीं होती। कुछ विशेष परिस्थितियों में इमेजिंग के आधार पर भी निदान किया जा सकता है।
भारत में लिवर कैंसर की जांच में एएफपी टेस्ट की क्या भूमिका है?
भारत में लिवर कैंसर के जोखिम को समझने के लिए हेपेटाइटिस बी, हेपेटाइटिस सी और लिवर सिरोसिस जैसी स्थितियों पर ध्यान देना जरूरी है। इन बीमारियों से पीड़ित कुछ लोगों में आगे चलकर लिवर कैंसर होने का जोखिम बढ़ सकता है। इसलिए ऐसे मरीजों को डॉक्टर की सलाह के अनुसार नियमित निगरानी की जरूरत हो सकती है।
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) की प्राथमिक लिवर ट्यूमर के उपचार से जुड़ी मानक उपचार प्रक्रिया में एएफपी को आवश्यक जांचों में शामिल किया गया है। इसमें यह भी बताया गया है कि एएफपी का बढ़ा हुआ स्तर मिलने पर आगे इमेजिंग जांच की जानी चाहिए। संदिग्ध स्थिति में मल्टीफेजिक सीटी स्कैन (Multiphasic CT Scan) या एमआरआई (MRI) से बीमारी का आकलन किया जा सकता है।
भारत में लिवर कैंसर के लिए निगरानी की सलाह मरीज के जोखिम, लिवर की स्थिति और इलाज की पात्रता को ध्यान में रखकर दी जाती है। भारतीय लिवर अध्ययन संघ (INASL) की वर्ष 2019 की सिफारिशों में सिरोसिस और कुछ अधिक जोखिम वाले हेपेटाइटिस बी या सी मरीजों के लिए हर छह महीने में अल्ट्रासाउंड और एएफपी की जांच का सुझाव दिया गया था। हालांकि, निगरानी की सही योजना मरीज की स्थिति और डॉक्टर के आकलन पर निर्भर करती है।
एएफपी रिपोर्ट में स्तर बढ़ा हुआ आए तो क्या करना चाहिए?
यदि आपकी एएफपी रिपोर्ट में सामान्य सीमा से अधिक स्तर आया है, तो सबसे पहले डॉक्टर से सलाह लें। खुद से कैंसर होने का निष्कर्ष न निकालें। डॉक्टर आपकी पुरानी मेडिकल रिपोर्ट, लिवर की स्थिति और अन्य जांचों को देखकर आगे का रास्ता तय करेंगे।
इन बातों का ध्यान रखें:
- अपनी एएफपी रिपोर्ट के साथ पुरानी जांचें भी डॉक्टर को दिखाएं।
- यदि आपको हेपेटाइटिस बी, हेपेटाइटिस सी या सिरोसिस है, तो इसकी जानकारी डॉक्टर को दें।
- डॉक्टर की सलाह पर अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन या एमआरआई कराएं।
- बिना चिकित्सकीय सलाह के बार-बार एएफपी टेस्ट न कराएं।
- यदि पहले से लिवर कैंसर का इलाज चल रहा है, तो डॉक्टर द्वारा बताए गए समय पर जांच कराएं।
याद रखें, एएफपी का स्तर एक संकेत है, अंतिम निदान नहीं। सही निष्कर्ष के लिए पूरी मेडिकल जानकारी और जरूरी जांचों को साथ में देखना आवश्यक है।
निष्कर्ष
एएफपी (AFP) टेस्ट खून में अल्फा-फीटोप्रोटीन का स्तर मापने वाली जांच है। वयस्कों में इसकी सामान्य सीमा कई प्रयोगशालाओं में 10 ng/mL से कम होती है, लेकिन सही संदर्भ सीमा रिपोर्ट में दी गई प्रयोगशाला की जानकारी से ही समझनी चाहिए। एएफपी का बढ़ना लिवर कैंसर के साथ-साथ हेपेटाइटिस और सिरोसिस जैसी स्थितियों में भी हो सकता है। वहीं, सामान्य एएफपी होने पर भी लिवर कैंसर की संभावना पूरी तरह खत्म नहीं होती। इसलिए इस टेस्ट को अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन, एमआरआई और डॉक्टर की जांच के साथ समझना जरूरी है।
मेडिकल डिस्क्लेमर
यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से है। एएफपी रिपोर्ट के आधार पर स्वयं बीमारी का निदान या उपचार न करें। अपनी रिपोर्ट और स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार डॉक्टर से सलाह लें।
अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
एएफपी टेस्ट की सामान्य रेंज कितनी होती है?
वयस्कों में एएफपी का स्तर आमतौर पर 10 ng/mL से कम माना जाता है। हालांकि, अलग-अलग प्रयोगशालाओं में इसकी संदर्भ सीमा थोड़ी अलग हो सकती है।
क्या एएफपी का बढ़ना लिवर कैंसर का मतलब है?
नहीं। एएफपी का स्तर हेपेटाइटिस, सिरोसिस और लिवर में सूजन के कारण भी बढ़ सकता है। कैंसर की पुष्टि के लिए अन्य जांचों की जरूरत होती है।
क्या सामान्य एएफपी रिपोर्ट में भी लिवर कैंसर हो सकता है?
हां। कुछ मरीजों में लिवर कैंसर होने के बावजूद एएफपी सामान्य रहता है। इसलिए सामान्य रिपोर्ट को कैंसर न होने का पक्का प्रमाण नहीं मानना चाहिए।
लिवर कैंसर की निगरानी के लिए एएफपी टेस्ट कितनी बार कराना चाहिए?
यह मरीज के जोखिम और लिवर की स्थिति पर निर्भर करता है। अधिक जोखिम वाले कुछ मरीजों को डॉक्टर हर छह महीने में अल्ट्रासाउंड और जरूरत के अनुसार एएफपी जांच कराने की सलाह दे सकते हैं।



